महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह अपने फैंस के साथ कुछ न कुछ शेयर करते रहते हैं। हाल ही में आनंद महिंद्रा ने पोस्ट शेयर कर देश की पहली इलेक्ट्रिक फ्लाइंग टैक्सी की झलक दिखाई है। आनंद महिंद्रा ने इस फ्लाइंग कार को अगले साल तक भारत में लॉन्च होने की उम्मीद जताई है। साथ ही देश में ऐसे इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए मद्रास आईआईटी की भी तारीफ की है।

आनंद महिंद्रा ने इलेक्ट्रिक फ्लाइंग कार की तस्वीर शेयर कर लिखा- आईआईटी मद्रास के द्वारा भारत की पहली इलेक्ट्रिक टैक्सी के निर्माण के लिए ईप्लेन कंपनी बनाई जा रही है और ये इलेक्ट्रिक फ्लाइंग कार अगले साल तक उड़ान भर सकती है। साथ ही उन्होंने अपनी पोस्ट में आईआईटी मद्रास को दुनिया के रोमांचक और सक्रिय इनक्यूबेटरों में से एक बताया है। साथ ही आनंद महिंद्रा ने देश बढ़ते इनक्यूबेटरों की बढ़ती संख्या के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि अब देश नए आविष्कार करने में पीछे नहीं है। आनंद महिंद्रा ने इसके फीचर्स की भी जानकारी दी है, जिसमें उन्होंने बताया है कि ये फ्लाइंग टैक्सी एक बार में 200 किमी की दूरी तय कर सकेगी। साथ ही इस फ्लाइंग टैक्सी में 2 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी और ये 200 किलोग्राम तक वजन उठा सकती है।

बता दें ईप्लेन चेन्नई स्थित एक टेक स्टार्टअप कंपनी है। वह फ्लाइंग इलेक्ट्रिक टैक्सी को विकसित कर रही है। उसे पिछले साल 23 मई को विमानन सेक्टर के रेगुलेटर डीजीसीए (DGCA) से इलेक्ट्रिक एयरक्राफ्ट बनाने की मंजूरी मिल गई थी। इसके साथ ही ईप्लेन कंपनी देश की पहली इलेक्ट्रिक एयरक्राफ्ट बनाने वाली कंपनी बन गई थी।