कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं, 2027 में गुजरात में बनाएंगे सरकार: केजरीवाल
अहमदाबाद। आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब कांग्रेस के साथ उनका कोई गठबंधन नहीं है और ‘इंडिया अलायंस’ लोकसभा चुनाव के लिए बना था। केजरीवाल भले ही कांग्रेस के साथ गठबंधन खत्म करने का ऐलान किया पर अगले लोकसभा चुनाव को लेकर यह कहते हुए संभावनाएं खुली रखीं कि 2029 अभी दूर है।
केजरीवाल गुरुवार को गुजरात में चुनावी तैयारी को देखने पहुंचे। उन्होंने गुजरात जोड़ो अभियान को लेकर एक नंबर जारी किया और पार्टी के विस्तार योजना की जानकारी दी। केजरीवाल ने 2027 में गुजरात में सरकार बनाने का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ उनकी पार्टी का अब गठबंधन नहीं है। उन्होंने कहा कोई गठबंधन होता तो विसावदर में वह क्यों लड़ते? वह हमें हराने आए थे। बीजेपी ने कांग्रेस को भेजा था कि आप के वोट काटो। कांग्रेस ने ठीक से काम नहीं किया।
इंडिया गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर केजरीवाल ने कहा कि वह इंडिया अलायंस लोकसभा के लिए था। अब हमारी तरफ से कुछ नहीं है। केजरीवाल ने भले ही अभी गठबंधन खत्म करने का ऐलान कर दिया है, लेकिन अगले लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने गोलमोल जवाब दिया। जब केजरीवाल से पूछा गया कि क्या वह 2029 में भी गठबंधन नहीं करेंगे तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि 2029 बहुत दूर है। तब तक कई बार आऊंगा मैं।
केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में कोई खुश नहीं है, इसके बावजूद बार-बार बीजेपी जीत जाती है। इसकी वजह यह है कि यहां विकल्प नहीं था। सबको पता है कि कांग्रेस उनकी जेब में है। कांग्रेस को एक तरह हर बार ठेका दिया जाता है बीजेपी को जितवाने का। कांग्रेस पर लोगों को भरोसा नहीं है। लोगों को पता है कि कांग्रेस को वोट दिया तो वैसे तो जीतेगा नहीं और जीता तो बीजेपी में चला जाएगा। आप को लोग विकल्प के रूप में देख रहे हैं। जिस तरह विसावदर में लोगों ने आम आदमी पार्टी को वोट दिया उसी तरह का गुस्सा गुजरात में भी है। उन्होंने कहा कि पहले 30 साल कांग्रेस ने राज किया, 30 साल बीजेपी ने राज किया। अब समय का चक्र घूम गया है, अब आम आदमी पार्टी को मौका मिलेगा।

बांकुरा रैली: पीएम मोदी का टीएमसी पर हमला, 'निर्मम सरकार' को बताया महिला विरोधी
अमित शाह का मोडाकुरिचि में शक्ति प्रदर्शन, डीएमके सरकार पर बोला तीखा हमला
कोयंबटूर में गरजे पीएम मोदी: DMK ने छीना महिलाओं का हक, अब जनता सिखाएगी सबक